
Pc-patrika
वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्ते का कत्ल किए जाने का मामला सामने आया है। यहां एक देवर ने अपनी सगी भाभी की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी ने खुद ही पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
लच्छापुर गांव में अजीत नामक एक शख्स ने अपनी सगी भाभी पूनम देवी की गड़ासे व कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। इस वारदात के दौरान उसकी भाभी उसके सामने हाथ पर जोड़ती रही, लेकिन अजीत का दिल नहीं पसीजा और वह लगातार वार करता रहा। बताया जा रहा है कि अजीत के ऊपर खून सवार था और इस दौरान उसकी भाभी का एक पैर कट कर अलग हो गया। घटना के बाद आरोपी अजीत ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि अजीत को अपनी भाभी की बहन से प्यार था और वह चाहता था कि उसकी भाभी शादी करवा दें, लेकिन उसकी भाभी बार-बार उसके प्रस्ताव को ठुकरा देती थी। इस मामले में पूर्व में भी वह भाभी के साथ विवाद कर चुका था और पुलिस ने उसका शांति भंग में चालान किया था, लेकिन इस बार उसने भाभी की हत्या किए जाने का खौफनाक कदम उठा लिया।
मृतका पूनम के पति सुजीत कुमार पटेल भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं और उनका एक 6 साल का बेटा भी है। घटना की जानकारी होने के बाद पति और मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इस दौरान पूनम के शव को देखकर चीत्कार मारकर रोने लगे। परिजनों ने बताया कि वारदात के समय उन्होंने अजीत को काफी रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसे वह मानने को तैयार नहीं था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात वह अपनी भाभी के कमरे में पहुंचा था और भाभी से एक बार फिर शादी कराए जाने की मिन्नत करने लगा। आरोपी है कि भाभी ने कहा कि वह जीते जी अपनी बहन और अजीत की शादी नहीं होने देगी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था और शनिवार की सुबह एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई और अजीत ने भाभी की हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया है कि मृतक के पति द्वारा तहरीर प्राप्त कर ली गई है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
Updated on:
12 Apr 2026 12:23 pm
Published on:
11 Apr 2026 02:06 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
