
representative picture
वाराणसी: उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा 2026 के दौरान एक सेंटर से मुन्ना भाई गिरफ्तार हुआ है। बताया जा रहा है कि वह सोनभद्र के युवक के स्थान पर परीक्षा दे रहा था, जिसकी सूचना भर्ती बोर्ड से ईमेल के माध्यम से पुलिस को दी गई। केंद्र पर जांच के दौरान युवक संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ में उसने सारे राज उगल दिए।
रविवार को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा 2026 के दौरान सनातन धर्म इंटर कॉलेज के सेंटर से एक मुन्ना भाई को पकड़ा गया है। इसके बाद जल पुलिस प्रभारी राज किशोर पांडे की तहरीर पर लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। रविवार को आयोजित परीक्षा की पहली पाली में आरोपी पवन कुमार नामक युवक के स्थान पर परीक्षा दे रहा था जो सोनभद्र निवासी है। पुलिस ने जांच में पाया कि पकड़ा गया आरोपी विमलेश कुमार है जो फिरोजाबाद का रहने वाला है।
थाने पर दी गई तहरीर में जल पुलिस प्रभारी ने बताया है कि बायोमेट्रिक के दौरान परीक्षार्थी केंद्र के अंदर पहुंच गया। इसी दौरान भर्ती बोर्ड से ईमेल द्वारा सूचित किया गया कि परीक्षार्थी पवन कुमार की ई-केवाईसी नहीं हो पाई है और वह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसके बाद परीक्षा केंद्र में जाकर उससे पूछताछ और ई-केवाईसी करवाने का प्रयास किया गया और आधार कार्ड का लॉक खोलने को कहा गया तो वह मना करने लगा।
उन्होंने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने और ई-केवाईसी करवाने के बाद पता चला कि वह पवन कुमार नहीं बल्कि विमलेश कुमार है जो फिरोजाबाद का रहने वाला है और फर्जी आधार कार्ड बनवाकर सोनभद्र निवासी पवन कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इसकी सूचना के बाद लक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले आई। इस दौरान देर रात तक आरोपी से पूछताछ की गई। मामले में थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
Published on:
16 Mar 2026 10:09 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
