15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

PM मोदी रोड शो : त्रिनेत्र से निगरानी,SPG-ATS-CRPF समेत पांच एजेंसियां मुस्तैद …ADG सुरक्षा स्वयं चलेंगे

सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी हिंदू विश्वविद्यालय गेट से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक रोड शो करेंगे। पार्टी के नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री शाम 5:00 बजे बीएचयू गेट पर स्थित पंडित महामना मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।माल्यार्पण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो प्रारंभ होगा। रोड शो लंका से होते हुए अस्सी के रास्ते गोदौलिया और फिर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगा। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह काशी के लोगों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाएगा।

2 min read
Google source verification

सोमवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड-शो कड़ी सुरक्षा के बीच होगा। पीएम मोदी मल्टीपल सिक्योरिटी लेयर में रोड-शो करेंगे। महामना से लेकर महादेव तक काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से लेकर चप्पे-चप्पे पर फोर्स की तैनाती की गई है। सुरक्षा में पांच हजार से अधिक जवान तैनात रहेंगे।

पीएम की सुरक्षा पांच लेयर में पहली आंतरिक लेयर में क्रमश: SPG, RAF-CRPF, NSG, स्नाइपर, पुलिस और पीएसी रहेगी। इसे अलावा रूफटॉप स्नाइपर और पुलिस टीम रहेगी। चप्पे-चप्पे पर एसटीएफ, एटीएस और बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड, आईबी की टीमें रहेंगी। नो फ्लाइंग जोन बनाकर ड्रोन भी निगरानी होगी। रोड-शो के दौरान यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी।

सोमवार को लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नामांकन जुलूस के लिए सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया गया है। सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पांच एजेंसियां सड़क पर उतर चुकी है। भोर से ही फोर्स के जवान अपने प्वाइंट पर मुस्तैद हैं।

पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम त्रिनेत्र से पीएम के रोड-शो की मिनट टू मिनट निगरानी करेगी। सिविल पुलिस समेत अलग-अलग एजेंसियों के लगभग 5,000 से अधिक जवान पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री के पास सबसे पहले एसपीजी के बॉडीगार्ड होंगे। यह जवान असॉल्ट राइफल, ऑटोमेटिक गन, 17 एम रिवॉल्वर समेत अन्य आधुनिक असलहों से लैस होंगे।

अगले स्तर में एसपीजी के कमांडो रहेंगे, एनएसजी के खतरनाक ब्लैक कैट कमांडो सुरक्षा का जिम्मा सिविल पुलिस के जवानों का होगा। कार्यक्रम रूट के चप्पे-चप्पे पर इन जवानों का पहरा होगा। बिना इनकी अनुमति के प्रधानमंत्री के इर्द-गिर्द परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।

वाराणसी में 13 मई के रोड-शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था होगी। इसके लिए 20 आईपीएस अफसरों को प्वाइंट एलॉट किए गए हैं। इसके अलावा बाहर से आए 8 एएसपी, 20 डिप्टी एसपी, 33 इंस्पेक्टर, 435 एसआई एवं एएसआई, 1766 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, 5 कंपनी पीएसी, 3 कंपनी सीआरपीएफ समेत अन्य बल साथ चलेगा। वहीं 50 यातायात पुलिसकर्मी, 4 बीडीएस की टीम, दो हिट टीम, तीन डॉग स्कवाइड सहित इको की आधा दर्जन टीमें तैनात रहेंगी। वाराणसी कमिश्नरेट के अलावा रेंज और जोन में आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। एसपीजी की टीम ने पूरे रूट और स्थलों पर मोर्चा संभाल लिया है।

यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा रघुवीर लाल ने रविवार को वाराणसी पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के साथ प्रधानमंत्री के भ्रमण को लेकर रूट का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में ब्रीफिंग कर बिंदुवार समीक्षा की, आलाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी से अवगत कराया।

उन्होंने प्रमुख स्थलों और पुलिस कंट्रोल रूम की सतर्कता भी जानी। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं पर दिशा निर्देश दिए। कहा कि पीएम की सुरक्षा अभेद्य होगी, त्रिनेत्र से चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का रूट मल्टीपल सिक्योरिटी लेयर में रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगायी जाए। एडीजी रघुवीर लाल ने निर्देशित किया कि रोड-शो के दौरान किसी भी व्यक्ति पीएम के वाहन के साथ नहीं चलेगा। भीड़ नियंत्रण के लिए गलियों में पुलिसकर्मी रस्से का उपयोग करेंगें। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और रिकार्डिंग सुरक्षित रखी जाए। ड्रोन सहित अन्य उड़ाने वाली वस्तुओं पर पाबन्दी रहेगी।