2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भरी दोपहरी में गरजी बनारस पुलिस की बंदूक, मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, 34 गोवंश बरामद

रामनगर पुलिस ने गुरुवार को हुई मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गो-तस्कर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि तस्कर के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया है। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है...

2 min read
Google source verification

मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी

वाराणसी: गुरुवार की दोपहर में एक बार फिर बनारस पुलिस की बंदूक गरजी और मुठभेड़ के बाद एक शातिर गो-तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 9 मुकदमे दर्ज हैं जिनमें से ज्यादातर गो-तस्करी और गोवध अधिनियम से जुड़े हैं। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही कंटेनर से 34 गोवंश बरामद किया है। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है।

आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की दोपहर में वाराणसी-मिर्जापुर हाईवे पर विश्व सुंदरी पुल के नीचे रामनगर पुलिस की गो-तस्कर के साथ मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में घायल हुए मुबीन अहमद के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस की मानें तो आरोपी के ऊपर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जा चुकी है। प्रतापगढ़ की कुंडा पुलिस और चंदौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।

एक अन्य आरोपी भी हुआ था गिरफ्तार

घटना की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह कंटेनर से 34 गोवंश को तस्करी कर मिर्जापुर के रास्ते ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से नौशाद अहमद को गिरफ्तार किया था। इस दौरान दूसरा आरोपी मुबीन अहमद मौके से भागने में कामयाब हो गया था।

उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर को सक्रिय किया गया और इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि मुबीन मिर्जापुर हाईवे पर मौजूद है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो मुबीन में अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एसीपी ने बताया कि आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसके बाद मुबीन के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

असलहा व कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी कौशांबी जिले का रहने वाला है, जबकि एक अन्य आरोपी प्रयागराज का रहने वाला है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।