
कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के घर पर पुलिस का पहरा
वाराणसी. जिले के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय और रोहनिया प्रत्याशी राजेश्वर पटेल के घर पर पुलिस ने पहरा बिठा दिया है। यहां तक कि कांग्रेस के मैदागिन स्थित कार्यालय तक में पुलिस का पहरा है। अजय राय का कहना है कि अचानक पुलिस घर पर पहुंची और मुझे जान का खतरा बताते हुए कहा कि आपको घर से बाहर नहीं निकलना है। वहीं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पुलिस न केवल दोनों प्रत्याशियों के घर पर दबिश दी बल्कि पार्टी कार्यालय में भी जमा है। हम लोगों के आने-जाने तक पर निगाह रखी जा रही है।
वाराणसी के पिंडरा से पांच बार के विधायक रहे अजय राय ने कहा कि पुलिस टीम अचानक हमारे घर पहुंची और कहा कि आपको घर से बाहर नहीं निकलना है। उन्होंने मेरी जान का खतरा बताया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस को उनकी जान की इतनी ही चिंता रही तो सरकारी गनर क्यों हटा लिए गए? बार-बार मांग करने के बाद भी सुरक्षा बहाल नहीं की गई। कांग्रेस नेता ने कहा कि ये सब भाजपा नेताओं के इशारे पर चुनाव को प्रभावित करने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में हमें मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा नेताओं की हवा खराब है। वो ये सोच रहे हैं कि हम घर से बाहर नहीं निकलेंगे तो जनसंपर्क नहीं कर पाएंगे। लेकिन, उन्हें यह नहीं पता है कि पिंडरा क्षेत्र की जनता ने उन्हें आशीर्वाद देने का मन बना लिया है और भाजपा प्रत्याशी की हार तय है।
बता दें कि पूर्व विधायक अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय की हत्या 3 अगस्त 1991 को उनके घर के समीप कर दी गई थी। इस मामले में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी सहित अन्य लोग आरोपी हैं। इन दिनों इस हत्याकांड की सुनवाई वाराणसी की विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए कोर्ट) की अदालत में चल रही है। आगामी 2 फरवरी को मुख्तार अंसारी की ओर से अदालत में वकालतनामा दाखिल किया जाना है।
प्रत्याशियों के घर व कार्यालय पर पुलिस पहरे के बाबत महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं के घर पर पुलिस का पहरा है। मैं खुद पुलिस के पहरे में अपने कार्यालय आया हूं, क्योंकि आज हमारी पार्टी के नेता विजेंदर सिंह और सुप्रिया श्रीनाते वाराणसी आ रही हैं। हमारे जिलाध्यक्ष, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों के घर पर भी पुलिस बैठी हुई है और उन्हें कहीं आने-जाने नहीं दे रही है।
कांग्रेस के नेताओं ने पुलिस पर नाराजगी जताई है। वहीं, दोपहर बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी को कहीं आने-जाने से नहीं रोका गया है। सुरक्षा कारणों से एहतियातन साथ में फोर्स लगाई गई है।
Published on:
28 Jan 2022, 3:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.