
Pc-Patrika
Medical Negligence Death in Varanasi: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर (चौधरी नगर) स्थित एक निजी मैटरनिटी होम में कथित तौर पर डॉक्टरों की लापरवाही के चलते 22 वर्षीय प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। महिला ने एक दिन पहले ही सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को गाजीपुर रोड पर रखकर जाम लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर थाना क्षेत्र के नेवादा निवासी मिथिलेश कुमार अपनी पत्नी कंचन कुमारी (22) को प्रसव के लिए 2 अगस्त को रुस्तमपुर स्थित अभय क्लिनिक एंड मैटरनिटी होम लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन कर प्रसव कराया, जिसमें कंचन ने दो स्वस्थ जुड़वां बेटों को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ ही समय बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। मिथिलेश कुमार ने बताया है कि डॉक्टरों ने उनके छोटे बेटे का अल्ट्रासाउंड करने के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया, इसी बीच उनकी पत्नी की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के मौत के बाद अस्पताल संचालक, डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने वाराणसी-गाजीपुर एनएच-29 पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, हंगामा की सूचना मिलने के बाद एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद परिजनों ने डॉक्टरों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, मृतका के पति मिथिलेश कुमार की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने अभय क्लिनिक के संचालक महेंद्र यादव, ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसीपी ने बताया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के दस्तावेज, इलाज से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रहा था या नहीं। वहीं, पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद परिजनों ने जाम को समाप्त कर दिया। वहीं, पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Updated on:
03 Aug 2026 06:30 pm
Published on:
03 Aug 2026 06:30 pm
