20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शुभेंदु अधिकारी PA हत्याकांड : 1 करोड़ की सुपारी और यूपी से बंगाल गोली मारने गए थे शूटर, अब तक 3 गिरफ्तार

Suvendu Adhikari PA murder case : शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड का UP कनेक्शन; हत्या के लिए उत्तर प्रदेश से गए थे शूटर, वाराणसी, अयोध्या और मुजफ्फरनगर से अब तक 3 गिरफ्तार।

3 min read
Google source verification
Subhendu

शुभेंदु अधिकारी हत्याकांड में अबतक यूपी के 3 आरोपी गिरप्तार, PC- Patrika

वाराणसी : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की 6 मई को कोलकाता के मध्यमग्राम में हुई हत्या का मामला अब उत्तर प्रदेश की गलियों और गांवों तक पहुंच गया है। सीबीआई की टीम लगातार छापेमारी कर रही है और यूपी से अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

सोमवार देर रात सबसे ताजा गिरफ्तारी विनय राय उर्फ पमपम की हुई। CBI ने उन्हें वाराणसी से दबोचा। यह इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड में सीबीआई की पांचवीं गिरफ्तारी है।

ट्रक कारोबारी से हत्याकांड की साजिश तक

विनय राय (लगभग 40 वर्ष) गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र अंतर्गत देवरिया गांव का निवासी है। वह बिहार और झारखंड में ट्रक ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह इस पूरी हत्याकांड की साजिश में गहराई से शामिल था। CBI और कोलकाता पुलिस को उसकी तलाश काफी समय से थी।

गिरफ्तारी के बाद 19 मई की शाम उसे वाराणसी के CJM कोर्ट में पेश किया गया, जहां सीबीआई को 21 मई शाम 6 बजे तक ट्रांजिट रिमांड मिल गया। गाजीपुर के देवरिया गांव में उसका घर फिलहाल ताला बंद पड़ा है।

विनय राय पर गाजीपुर और दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके साथ गाजीपुर के मतसा गांव का संतोष राय भी इस मामले में वांछित है, जो फिलहाल फरार है।

बलिया जेल में हुई थी हत्या की प्लानिंग

अब तक जांच-पड़ताल में तथ्य सामने आया है कि शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या की पटकथा उत्तर प्रदेश की बलिया जेल में लिखी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी राजकुमार सिंह बलिया जिले के रत्तोपुर गांव का रहने वाला है। साल 2022 में उसके खिलाफ गांव में ही मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद उसे बलिया जेल भेजा गया था। राजकुमार जेल की सजा काट रहा था। तभी उसकी मुलाकात इस केस के मास्टरमाइंड राज सिंह से हुई थी। जेल की इसी दोस्ती के बाद राजकुमार इस बड़े अपराध में शामिल हो गया।

अयोध्या से गिरफ्तार किया गया था राज सिंह

पिछले हफ्ते बलिया के राज सिंह उर्फ चंदन को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया। कोलकाता पुलिस और UP पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में यह सफलता मिली।

राज सिंह बलिया के आनंद नगर का रहने वाला है और क्षत्रिय महासभा का महासचिव भी रह चुका है। उसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। 2020 में एक अंडा व्यवसायी की हत्या का आरोप, जमानत पर था। सोशल मीडिया पर बड़े नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें वायरल हैं। गिरफ्तारी के समय वह लखनऊ में एक नेता की बेटी की शादी में शामिल होने गया था और लौटते समय पकड़ा गया।

टोल प्लाजा पर पकड़ा गया शूटर

CBI ने मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा पर राजकुमार सिंह को हरिद्वार से लौटते समय गिरफ्तार किया। वह बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के रत्तोपुर गांव का रहने वाला है।

राजकुमार केवल स्नातक प्रथम वर्ष तक पढ़ा। पढ़ाई में मन नहीं लगा तो मुंबई में क्रेन हेल्पर का काम करने चला गया। 8 महीने पहले घर लौटा और विदेश जाने के लिए पासपोर्ट बनवा रहा था। 2022 में गांव में दलित समाज के लोगों से मारपीट का मामला दर्ज, हरिजन एक्ट में जेल भी जा चुका है।

उसके पिता अयोध्या राम मंदिर निर्माण में L&T कंपनी में इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। पिता ने मीडिया को बताया कि उन्हें CBI का फोन आया और उन्होंने सहयोग का भरोसा दिया। परिवार का कहना है कि पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है।

6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या

चंद्रनाथ रथ, जो भारतीय वायुसेना में सेवा दे चुके थे, 6 मई की रात कोलकाता के दोहरिया क्रॉसिंग के पास अपनी कार में गोली लगने से घायल हुए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। हत्या के पीछे 1 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट किलिंग प्लॉट होने की आशंका है। CBI पूरे नेटवर्क, साजिशकर्ताओं और फंडिंग को खंगाल रही है।