3 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

International Widows Day: बनारस की विधवाओं का हाल, घाटों की सीढिय़ां बदल गयीं, नहीं बदली विधवाओं की किस्मत

अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस: मोक्ष का इंतज़ार करती काशी की विधवाओं की कहानी।दुनिया के सबसे प्राचीन ज़िंदा शहर कहे जाने वाले बनारस में विधवाओं का एक अलग ही संसार है। मोक्ष की आड़ में लाकर छोड़ दी गयी वाराणसी की विधवाओं की किस्मत में केवल अंतहीन इंतज़ार है। अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस पर आइये जानते हैं की किस हाल में हैं बनारस की विधवाएं।

3 min read
Google source verification
Varanasi Widows

वाराणसी की विधवाएं

एमआर फरीदी

पत्रिका ग्राउंड रिपोर्ट

वाराणसी. बनारस तेज़ी से बदल रहा है। 10 से 15 साल पहले जैसे शहर था, अब वैसा नहीं है। बदहाल सड़कों से लेकर जर्जर इमारतों तक की तक़दीर बदल रही है। घाटों और गलियों की सीढिय़ा बदल गयीं। इधर,उधर सड़कों पर बैठे साड़ भी अब कम दिखते। पर एक चीज़ नहीं बदली, वह है काशी की विधवाओं की किस्मत। बनारस पहुंची यह विधवाएं ज्यादातर मोक्ष की आड़ में यहां लाकर छोड़ी गयी हैं तो कुछ हालत की मजबूर हैं, जिनके बेटे-बेटियों ने बुढ़ापे में हाथ पसारने को मजबूर किया है। हर रोज बनारस के घाटों पर उम्र के बोझ से झुकी गंगा को निहारती सैकड़ों विधवाएं जहां-तहां दिखती हैं। काशी में मोक्ष का इंतज़ार करती कमज़ोर काया वाली इन विधवाओं की दर्दभरी कहानी है। तमाम अन्य रस्मी दिवसों की तरह 2011 से विधवाओं के लिए भी 23 जून का दिन तय कर दिया गया है। जिसे समाज विधवा दिवस के रूप में मनाता है।

35000 से अधिक विधवाएं

बनारस की ज़्यादातर विधवाओं की एक ही कहानी है। कभी उनका बीघे भर का आंगन हुआ करता था। लेकिन बुढ़ापे में बड़े से घर में इनके लिए एक छोटा सा कोना भी नहीं बचा इसलिए वे यहां पहुंचा दी गयीं। कुछ को मोक्ष का लालच है तो कुछ को अपनों से ढेर सारी शिकायत। मांग कर खाना और दूसरों के रहम ओ करम पर पलना ही अब उनकी नियति है। 2011 की रिपोर्ट की मानें तो बनारस में 35000 से ज़्यादा विधवाएं हैं। यहां के राजकीय वृद्धाश्रम दुर्गाकुंड, भगतुआ वृद्धाश्रम, राज्य महिला कल्याण निगम के वृद्धाश्रम, मदर टेरेसा आश्रम शिवाला, नेपाली आश्रम ललिता घाट, बिरला आश्रम, लालमुनि आश्रम नई सड़क, मुमुक्षु भवन, अपना घर, आशा भवन, मां सर्वेश्वरी वृद्धाश्रम, रामकृष्ण मिशन आदि में सैकड़ों विधवाएं रह रही हैं। कोई अपनों की सताई तो कहीं गैरों के हाथों सबकुछ लुटाकर ये यहां पहुंची हैं।

दर्द भरी है हर विधवा की कहानी

रायबरेली की की सोमवती गिरी गोस्वामी की शादी 11 साल की उम्र में हो गयी। 15 साल में गवना हुआ। पति अफीमची था। सबकुछ बेच खाया। देहरादून जाकर मर खफ गए। पिताजी बनारस के समाधि मठ में रहते थे, उन्होंने ही बनारस पहुंचा दिया। सोमवती रोते हुए कहती हैं अपनी किस्मत ही ऐसी थी तो दोष किसे दें। चौकाघाट की एक विधवा रुंधे गले से कहती हैं कि 'मेरा कोई नहीं है। पति ने बहुत ही पहले छोड़ दिया था। मां सहारा बनीं। मां के गुजरने के बाद पड़ोसी ने घर पर कब्जा कर लिया। अंत में किस्मत वृद्धाश्रम ले आई। दूर के रिश्ते में एक भतीजा कभी कभार मिलने आ जाता है। इन्हीं के साथ रहने वाली इंद्रजीत कौर की कहानी कुछ अलग है। मुसीबत इनका साथ नहीं छोड़ रही। बंटवारे के बाद किसी तरह पाकिस्तान से भागकर पंजाब आयीं, वहां बनारस के परिवार ने जगह दी। बाद में जिन्होंने अपने साथ रखा था वो लोग नहीं रहे तो किस्मत उन्हें इन विधवाओं के बीच ले आयी। राजकीय वृद्धाश्रम दुर्गाकुंड में रहने वाली बिहार की शांति देवी शर्मा बताती हैं वह बिहार शरीफ नालंदा में पैदा हुईं थीं, अब गांव का नाम याद नहीं। 17 साल पहले वृद्धाश्रम में आईं। पति की मौत के बाद लड़के ने घर से निकाल दिया। अब काशी विश्वनाथ का आसरा है। तमाम अन्य विधवाओं की भी कहानी बहुत मार्मिक है। आश्रम के इंचार्ज देव शरण सिंह बताते हैं आश्रम में तमाम महिलाएं हैं जिन्हें मजिस्ट्रेट के ऑर्डर के बाद यहां रखा गया है। हर सुबह मणिकर्णिका, ललिता घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर इलाके के घाटों और मंदिरों के आसपास सैकड़ों विधवाएं भ्ीख मांगती देखी जा सकती हैं।

सरकारी घोषणाओं का अमल नहीं

2015 में बनारस में पहली बार विधवाओं ने होली खेली थी। दीपावली पर उनके आश्रमों के बाहर दिये भी रोशन हुए थे। दरअसल, यह सब पीएम नरेंद्र मोदी की पहल पर हुआ था। 2018 में मोदी सरकार ने बनारस में 1000 विधवाओं के लिए सभी सुविधाओं से युक्त आश्रम बनाने की बात भी कही थी, लेकिन वह अभी कहीं आकार लेता नहीं दिख रहा। राजकीय वृद्धाश्रम के इंचार्ज देव शरण सिंह भी कहते हैं कि उनकी जानकारी में अभी ऐसा कोई आश्रम नहीं बन रहा। बहरहाल, यह विधवा दिवस भी बीत जाएगा। रश्म अदायगी में कहीं कुछ वितरित होगा। भाषण होगा लेकिन विधवाओं की किस्मत नहीं बदलेगी।