
वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र के बेटावर घाट पर अंतिम संस्कार में गए एक युवक और एक किशोर की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस दोनों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, गंगा नदी किनारे बेटावर घाट पर अंतिम संस्कार में पहुंचे शिवपुर के अजीत पटेल (19) और हर्ष पटेल (15) की नदी में डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों गंगा नदी में स्नान करने गए थे और इसी दौरान गहरे पानी में चले गए। इसके बाद दोनों नदी में डूबने लगे। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक दोनों नदी में डूब चुके थे।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रोहनिया पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरफ और गोताखोरों को बुलाया। करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों को नदी से बाहर निकाला और ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है।
बन्देपुर के रहने वाले लालजी पटेल की मां का देहांत हो गया था और उनके ही दाह संस्कार में उनके रिश्तेदार अजीत और हर्ष पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही मृतकों के परिजन को भी सूचित कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
20 Feb 2026 06:26 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
