26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी कॉलेज हत्याकांड: एक नहीं 4 हत्या करने की फिराक में था मंजीत! ऐसे फिरा मंसूबों पर पानी

यूपी कॉलेज में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में नया खुलासा हुआ है। भूगोल के प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार सिंह ने बताया है कि आरोपी मनजीत सिर्फ सूर्य प्रताप की हत्या करने नहीं आया था, बल्कि उसके निशाने पर तीन और भी छात्र थे...

3 min read
Google source verification

वाराणसी: शुक्रवार को यूपी कॉलेज में बीएससी के छात्र की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में नया खुलासा हुआ है। कॉलेज के प्रोफेसर ने बताया कि आरोपी मनजीत एक नहीं बल्कि चार हत्या करने के इरादे से कॉलेज में पिस्टल लेकर आया था। इसके साथ ही प्राचार्य ने कालेज प्रशासन पर उठ रहे सवालों पर भी अपनक सफाई दी है।

भूगोल के प्रोफेसर ने बताई सच्चाई

शुक्रवार को यूपी कॉलेज में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में नया खुलासा हुआ है। भूगोल के प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार सिंह ने बताया है कि आरोपी मनजीत सिर्फ सूर्य प्रताप की हत्या करने नहीं आया था, बल्कि उसके निशाने पर तीन और भी छात्र थे। उन्होंने बताया, "मैं क्लास ले रहा था इस दौरान कालेज परिसर में फायरिंग हुई और जब नीचे आकर देखा तो मंजीत तीन छात्रों को पिस्टल लेकर दौड़ा रहा था।"

डॉ सिंह ने बताया कि इस दौरान उन्होंने मनजीत को रोकने का प्रयास किया और उससे ऐसा न करने की अपील करते रहे। उन्होंने कहा कि उनके साथ और भी कई छात्र थे और खुद को घिरता देख मनजीत वहां से छत पर गया और छत से बाउंड्री कूद कर भाग गया। इसी दौरान उसका पिस्टल नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वह सूर्य प्रताप के पास पहुंचे जहां वह लहूलुहान पड़ा था। सूर्य प्रताप को प्राचार्य की कार से लेकर छात्रों संग वह एक निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों ने जब वहां भर्ती करने से मना किया तो उसे लेकर वे ट्रामा सेंटर गया।

बैक परीक्षा का फॉर्म लेने आया था सूर्य प्रताप

परीक्षा उप-नियंत्रक प्रोफेसर देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूर्य प्रताप सिंह बैक परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए कार्यालय पहुंचा था। इस दौरान उसने फॉर्म भी लिया था। उन्होंने बताया कि हाव भाव से वह एकदम साधारण व्यवहार कर रहा था और उसे किसी भी प्रकार की चिंता नहीं थी। हालांकि, कालेज परिसर में हुई इस दुखद घटना के बाद महाविद्यालय परिवार काफी दुखी है।

क्या बोले प्राचार्य

महाविद्यालय के प्राचार्य डीके सिंह ने बताया कि घटना के बाद उनकी ही कार में सूर्य प्रताप को रखकर अस्पताल भेजा गया था। उन्होंने घटना के बाद भाग जाने के लग रहे आरोप पर कहा, "मैं और मेरे साथ कई प्रोफेसर महाविद्यालय में ही मौजूद थे। इस दौरान गाड़ी मेरा ड्राइवर चला रहा था और सूर्य प्रताप के साथ तीन छात्र भी मौजूद थे।" उन्होंने बताया कि घटना के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी और वह लगातार ड्राइवर के संपर्क में थे और घायल छात्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद महाविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की गई कुछ प्रोफेसर को भी चोट आई। गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने बताया कि उनके आवास पर भी छात्रों ने आक्रोशित होकर धावा बोल दिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि जितने भी छात्र इस मामले में बयान दे रहे हैं, पुलिस को उनसे भी पूछताछ करनी चाहिए। प्राचार्य ने बताया कि घटना की एक-एक पल की रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे में हुई है और उन्होंने उसे पुलिस को सौंप दिया है।

क्या थी घटना

दरअसल, शुक्रवार को यूपी कॉलेज के परिसर में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद छात्रों में आक्रोश दिखा और उन्होंने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन ने हिंसा का रूप ले लिया और इसके बाद कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की गई। वहीं, शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी मनजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया है। फिलहाल, इस मामले में दूसरा आरोपी अनुज सिंह फरार बताया जा रहा है और पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।