25 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महज कुछ ही दिन पहले जिसे किया था निष्कासित, उसी के दरवाजे पहुंच करना पड़ा स्वागत

जिला कांग्रेस अध्यक्ष गए रामनगर और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ देकर मिटाई झेंप।

2 min read
Google source verification
रामनगर पालिका अध्यक्ष का स्वागत करते जिला कांग्रेस अध्यक्ष

रामनगर पालिका अध्यक्ष का स्वागत करते जिला कांग्रेस अध्यक्ष

वाराणसी. गजब है राजनीति, जो न कराए कम है। ऐसा ही कुछ शुक्रवार को हुआ जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा अपनी टीम के साथ गए रामनगर और जिस रामनगर अध्यक्ष को कुछ ही दिन पहले अनुशासनहीनता के नाम पर पार्टी से पांच साल के लिए निष्कासित किया था उसे पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। यह दीगर है कि ऐसा करते वक्त उनका चेहरा स्याह पड़ गया था। लेकिन करते भी क्या, जब केंद्रीय नेतृत्व ही उस निष्कासन की कार्रवाई को गलत ठहरा दे और उस कार्रवाई के लिए खुद नेशनल मीडिया के समक्ष माफी मांग ले तो फिर जिलाध्यक्ष को तो अपनी गरिमा को ताख पर रख पार्टीहित में जाना ही होगा। वही किया प्रजानाथ शर्मा ने।

बता दें कि दो दिन पहले ही रामनगर पालिका परिषद की लगातार तीसरी बार चेयरमैन चुनी गईं रेखा शर्मा की पार्टी में वापसी हुई है। वह भी दिल्ली में। वापसी कराने वाले थे राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता, कांग्रेस के महासिचव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी गुलाम नबी आजाद। आजाद ने नेशनल मीडिया के समक्ष रेखा शर्मा को न केवल तीसरी जीत की बधाई दी बल्कि माफी मांगी और निकाय चुनाव के वक्त उनके जिलाध्यक्ष द्वारा किए गए निष्कासन को गलत ठहराया। यहां तक कहा कि जो दस साल से कांग्रेस का परचम लहरा रहा हो उसे टिकट न देना ही बड़ी गलती थी। ऐसे में पीढियों से कांग्रेसी रेखा जब शुक्रवार को दिल्ली से वापस लौटीं तो वही जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा जिन्होंने उन्हें पार्टी से निकाला था, पार्टी के पूर्व विधायक अजय राय, महानगर अध्यक्ष सीताराम केशरी व अन्य नेताओं संग गए रामनगर और रेखा शर्मा का अभिनंदन किया।

इस मौके पर प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि, आपके आने से कांग्रेस और सुदृढ हुई है। पार्टी तमाम लोगों का एक समूह होता है जिसमे संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन करना हर नेता से लेकर कार्यकर्ता तक के लिए अनिवार्य है। यहां व्यक्ति विशेष के लिए कोई स्थान नहीं। आपके आने से रामनगर नगरपालिका पालिका भी कांग्रेसी तिरंगे से रंग गई। गंगापुर में कांग्रेस का परचम पहले से ही बुलंद है। हम आपके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं और हम सभी आपको नित नई बुलंदियां छूने की ईश्वर से प्रार्थना करते है।

पूर्व विधायक अजय राय ने रामनगर चेयरपर्सन शर्मा को बधाई देते हुए कहा लगातार तीन बार नगरपालिका में तमाम झंझावातों को झेलत हुए कांग्रेस का परचम लहरा कर पार्टी का सिर गर्व से ऊंचा किया है। आपका जुझारू व्यक्तित्व कांग्रेस की आने वाले पीढियों के लिए एक मिसाल बनेगी।

ये थे मौजूद

इस मौके पर महिला कांग्रेस नेता पूनम कुंडू, शैलेंद्र सिंह, संजय सिंह डाक्टर, राकेशचंद्र, फसाहत हुसैन बाबू, ओमप्रकाश ओझा, पंकज सिंह , अमित पाठक एवं जिला कांंग्रेस प्रवक्ता रविशंकर पाठक आदि मौजूद रहे।