
वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में बीते सात अक्तूबर को धक्कामुक्की के दौरान दो श्रद्धालुओं के बाबा के अरघे में गिरने की घटना के बाद बड़ा एक्शन हुआ है। घटना में आठ पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।डीसीपी सुरक्षा सूर्यकांत त्रिपाठी ने वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। जबकि आजमगढ़, गाजीपुर और बलिया के तीन पुलिसकर्मियों के निंलबन के लिए वहां के एसपी को संस्तुति पत्र भेजा है।
कार्रवाई की जद में चार दरोगा सुरेशचंद्र द्विवेदी, रमाकांत राय, अजीत कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार, सिपाही भूपेश यादव, वंदना सरोज, सुनैना और प्रीति हैं। एसआई सुरेशचंद्र द्विवेदी और चारों सिपाही वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के हैं, जिनका निलंबन डीसीपी सुरक्षा की संस्तुति पर हुई है। जबकि बलिया के उपनिरीक्षक रमाकांत राय, आजमगढ़ के अजीत कुमार सिंह, गाजीपुर के दुर्गेश कुमार के निलंबन की संस्तुति की गई है।
सात अक्तूबर, सोमवार को बाबा के स्पर्श दर्शन के दौरान उत्तरी द्वार से श्रद्धालु गर्भगृह में दाखिल होने लगे। इस दौरान धक्कामुक्की के बीच एक महिला अरघे में गिर पड़ी। पीछे खड़ा पुरुष भी अरघे में महिला के ऊपर गिर पड़ा था। दोनों को चोटें भी आईं थीं। मंदिर के वेबसाइट पर लाइव दर्शन का प्रसारण हो रहा था। यह घटना भी लाइव हो गई। इसके बाद मंदिर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की बात कही गई थी।डीसीपी सुरक्षा सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी गर्भगृह और बाहर थी। स्पर्श दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने में इनकी लापरवाही मिली।
Published on:
10 Oct 2024 08:14 pm
