
aloo kofta curry
आलू कोफ्ता करी पार्टी रेसिपी है। इसे रिच ग्रेवी के साथ बनाया जाता है और मेहमानों के सामने परोसा जा सकता है। आप चाहें तो इसमें जायका बढ़ाने के लिए पनीर ग्रेट करके भी डाल सकते हैं। यहां पढ़ें आलू कोफ्ता करी की रेसिपी -
सामग्री -
कोफ्ते बनाने के लिए
आलू - 350-400 ग्राम ( 7-8 आलू मीडियम आकार के)
अरारोट - 4 टेबल स्पून ( 50 ग्राम)
नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
हरा धनिया- एक टेबल स्पून बारीक कटा हुआ
काजू - 10-12 (एक काजू के 5-6 टुकड़े करते हुए काट लीजिए) (यदि आप चाहें)
किशमिश - 30 (डंठल तोड़ दीजिए) (यदि आप चाहें)
तेल - कोफ्ते तलने के लिए
तरी के लिए:
टमाटर - 4- मीडियम आकार के
हरी मिर्च - 1-2
अदरक - एक इंच लम्बा टुकड़ा
मलाई या क्रीम - आधा कप ( 100 ग्राम)
तेल - 2-3 टेबल स्पून
जीरा - आधा छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
धनियां पाउडर - एक छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
नमक - 3/4 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
हरा धनिया - 2 टेबल स्पून, बारीक कतरा हुआ
विधि -
आलू को उबाल कर, ठंडे करके छील लीजिए। छिले आलू को कद्दूकस कर लीजिए, इसमें अरारोट, नमक और हरा धनिया मिलाइए और आटे की तरह अच्छी तरह गूथ लीजिए। कोफ्ते बनाने के लिए मिश्रण तैयार है।
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम करिए। मिश्रण से थोड़ा सा मिश्रण निकाल कर, चपटा कीजिए, उस पर 2-3 काजू के टुकड़े और 2 किशमिश रखिए, चारो ओर से उठाकर बन्द करके, गोल कर लीजिए, गोले को गरम तेल में डालिए। 5-6 गोले बनाकर एक बार में डाल कर, अलट पलट कर कोफ्ते ब्राउन होने तक तलिए। कोफ्ते को निकाल कर प्लेट में रखिए। अब दूसरे गोले बनाकर तेल में डाल दीजिए, और ब्राउन होने तक तल लीजिए। इसी तरह सारे कोफ्ते बना कर तैयार कर लीजिए। सब्जी बनाने के लिये कोफ्ते तैयार है।
तरी तैयार कर लीजिए
टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को मिक्सी से बारीक पीस लीजिए, मलाई को फैट लीजिए।
कढाई में तेल डाल कर गरम कीजिए। गरम तेल में जीरा डाल दीजिए। जीरा भुनने के बाद हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालने के बाद टमाटर, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डाल कर मसाले को दाने दार होने या मसाले से तेल अलग होने तक भूनिए। इस मसाले में फैंटी हुई मलाई डाल कर मसाले को जब तक भूनिए तब तक कि मसाले के ऊपर तेल न तैरने लगे।
इस मसाले में 2 कप ( 400 ग्राम) पानी और नमक भी डाल दीजिए और उबाल आने के बाद 3-4 मिनिट तक पकाइए, तरी में गरम मसाला और आधा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए। सब्जी की तरी तैयार है।
जब आपको खाना, खाना हो तब गरम तरी में कोफ्ते डाल कर हरा धनिया डाल कर सजाइए। गरमा गरम कोफ्ते की सब्जी परांठे, चपाती और नान या चावल के साथ परोसिए और खाइए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।
Published on:
25 Jun 2018, 5:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.