अजमेर . घटते लिंगानुपात को लेकर ‘बेटियां अनमोल हैंÓ जन जागरुकता अभियान के तहत जिला एवं ब्लॉक स्तर पर शुक्रवार को डेप रक्षकों को पीसीपीएनडीटी अधिनियम की जानकारी देते हुए बेटियों की घटती संख्या पर चिंता जताई गई। स्वास्थ्य संकुल भवन सभागार में जिले के आठ ब्लॉक के डेप रक्षकों को दो चरणों में ऑडियो-वीडियो पीपीटी के माध्यम से बेटी बचाओ अभियान के अन्तर्गत संवाद कार्यक्रम के साथ प्रशिक्षण दिया गया।
प्रथम चरण में किशनगढ़, मसूदा, अरांई, श्रीनगर ब्लॉक के डेप रक्षकों को एसबीसी राजकीय महाविद्यालय अजमेर की व्याख्याता डॉ. अनिता खुराना ने प्रशिक्षण दिया। दूसरे चरण में व्याख्याता डॉ. भारती प्रकाश ने केकड़ी, जवाजा, पीसांगन तथा भिनाय क्षेत्र के डेप रक्षकों को प्रशिक्षण देकर अभियान से जोड़ा। प्रशिक्षण अभियान से जुड़े नए डेप रक्षकों को पीसीपीएनडीटी अधिनियम, मुखबिर योजना, इम्पेक्ट सॉफ्टवेयर, एक्टिव ट्रेकर, डिकॉय ऑपरेशन के बार में बताया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. के. सोनी ने बताया कि बेटियां अनमोल है संवाद कार्यक्रम 24 जनवरी को जिले के करीब100 विद्यालयों/महाविद्यालयों/नर्सिंग कॉलेज, ट्रेनिंग सेन्टर व अन्य संस्थानों में सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षण में डॉ. मनीष जोशी, जितेन्द्र हरचंदानी, महेश बिहारी माथुर, ओ. पी. कुंतल, राजकुमार मंडरावलिया, रवि विलियम आदि मौजूद रहे।