अजमेर.
शहर में गुरुवार को हर तरफ देशभक्ति की बयार बही। हाथों में तिरंगा थामे युवाओं के कदम देशभक्ति केे तरानों पर थिरकते चले तो देशप्रेम के नारे लगाने में खासा उत्साह दिखाई दिया। शहर में पहली बार 2100 वर्गमीटर के तिरंगे के साथ ऐतिहासिक रैली निकाली गई। तिरंगे को थामे हर व्यक्ति के जुबां पर भारत माता की जयकार व नारा था तो दिल में शहीदों के प्रति सम्मान।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जवान, आमजन एवं पूर्व सैनिकों ने भागीदारी निभाई। आनासागार पुरानी चौपटी से गुरुवार सुबह तिरंगा रैली प्रारंभ हुई। रैली में शृंगारित ऊंट-घोड़ों पर सवार होकर पूर्व सैनिक व युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामा। वहीं 2100 वर्गमीटर के तिरंगा को हाथों से लोगों ने थामा।
तिरंगे के नीचे चलते हुए सभी ने भारत माता के जयकारे लगाए। रैली मार्ग में कई जगह पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। रैली में विधायक वासुदेव देवनानी, उप महापौर नीरज जैन, नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी देवी कोली, समाजसेवी भंवरसिंह पलाड़ा, भाजपा नेता सुभाष काबरा, पार्षद भारती श्रीवास्तव, पार्षद लक्ष्मी बुंदेल, कंवलप्रकाश किशनानी, समाजसेवी हरीश गिदवानी आदि शामिल हुए। इसमें सीआरपीएफ के जवानों की भागीदारी भी रही।
इन्होंने किया संयोजन
टीम तिरंगा एवं क्राइम बेन इन इंडिया के तत्वावधान में शहीद दिवस के मौके पर कमांडो हिम्मत सिंह एवं निर्मल सिंह के नेतृत्व में रैली निकाली गई। प्रवक्ता शेर सिंह सिंगोद के अनुसार कार्यक्रम में नेशनल जंपिंग हॉर्स राइडिंग के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी दिव्यराज सिंह राठौड़़ भी शामिल हुए।