
कोटपूतली-बहरोड़. नीमराना पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही विफल कर दिया। बीती रात पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को गैस कटर से काटकर लूटने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को गश्ती दल ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
9 जनवरी की रात करीब 12 से 1.30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने नीमराना स्थित पीएनबी के एटीएम कक्ष का शटर तोडक़र गैस कटर से मशीन को काटने का प्रयास किया। बैंक शाखा प्रबंधक राकेश कुमार सोनी की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा
थानाधिकारी महेंद्र सिंह व उनकी टीम के गश्त कर रहे पुलिस दल को घटना की सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। आरोपी मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बलदेवगढ निवासी रामकुमार (30 वर्ष) पुत्र बिहारी लाल विश्वकर्मा को पुलिस ने एटीएम काटते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल गैस सिलेंडर,कटर और कैंची सहित अन्य उपकरण जब्त कर लिए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह इस वारदात में अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल था। बैंक द्वारा एटीएम व नकदी नुकसान की रिपोर्ट आंकलन के बाद में दी जाएगी।