
जिला शिक्षा अधिकारी (सैकंडरी) कार्यालय में बुधवार सुबह कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध जताया। यह विरोध अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी को रिलीव न करने के कारण हुआ। कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक काम का बहिष्कार किया, जिससे कार्यालय का कार्य प्रभावित हुआ। विरोध के बाद संबंधित कर्मचारी को रिलीव कर दिया गया, जिसके बाद कर्मचारियों ने वापस काम शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने मांग की कि भविष्य में पदोन्नति से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न की जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में बाधा न आए। शिक्षा विभागीय समिति के जिला अध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि पदोन्नति के बाद अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामअवतार शर्मा को कार्यमुक्त किया जाना चाहिए था, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण ऐसा नहीं हुआ। बुधवार को कार्यमुक्त न होने पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों ने गेट बंद कर विरोध जताया। रामअवतार का स्थानांतरण सीडीईओ कार्यालय में किया गया था, लेकिन नियमानुसार उन्हें कार्यमुक्त किया जाना चाहिए था। पहले दिन उन्होंने कार्यमुक्त करने की मांग की, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो विरोध किया गया।