बहरोड़ में 2 दिन से लापता कबाड़ व्यवसायी का शव कार में मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिसके बाद सूचना मिलने पर सदर थाना अधिकारी अमित कुमार जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और कार में शव की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए मौके पर एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। जो साक्ष्य जुटा कर मामले की जांच कर रही है ।
शरीर पर मिले डंडों से पिटाई के निशान
सदर थाना अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिली की कीरतसिंह पुरा के पास एक आई10 कार की ड्राइवर सीट पर एक व्यक्ति का शव उल्टा पड़ा हुआ है। जिसके बाद सदर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां कार के आगे-पीछे की नंबर प्लेट उखाड़ कर कार के अंदर पटकी हुई थी। मृतक व्यक्ति कार में ड्राइवर सीट पर उल्टा पड़ा हुआ था। जिसके हाथ पर डंडों से पिटाई के निशान बने हुए हैं। जिसके बाद पुलिस ने एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया। जो मौके से साक्ष्य-सबूत जुटा कर मामले की जांच कर रही है।
2 दिन से था लापता
थाना अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान पूरण खटीक (38) पुत्र फूलचंद बानसूर के नारायणपुर थाना क्षेत्र गांव गढ़ी- खरकड़ी के रूप में हुई है। जो 25 अगस्त से घर से लापता था। पूरण खटीक नीमराणा के गांव जनकसिंहपुरा में कबाड़ का कारोबार करता है। वह नीमराना में अकेला ही रहता था। जिसका पूरा परिवार गढ़ी- खरकड़ी गांव में रहता है।
फोन कर बहन से मांगे थे एक लाख रुपए
पूरण खटीक की बहन ललता देवी ने पुलिस को बताया कि मेरे पास रात करीब 9 बजे पूरण का फोन आया। उसने कहा बहन मुझे एक लाख रुपए चाहिए। मैंने एक फौजी से पैसे ले रखे हैं। उसका कोई परिचित अस्पताल में भर्ती है। वह मुझ पर पैसे का दबाव दे रहा है। अगर आज पैसे नहीं दिए तो मुझे जान से मार देंगे। उसके बाद पूरण को फोन किया तो लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। कल दोपहर करीब 3 बजे एक बार उसका मोबाइल ऑन हुआ लगातार घंटियां गई, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। उसके बाद से मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था।