दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर बड़ौदामेव में हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटे की मृत्यु हो गई। वहीं अन्य 3 लोग घायल हो गए। बडौदामेव थाना पुलिस ने बताया कि सोनीपत निवासी कमल अपनी बहन पूजा की शादी की सालगिरह के मौके पर पत्नी अनुष्का, बेटे विभान सहित बहन पूजा, बहनोई राजकुमार और भांजे-भांजी को कार से मेहन्दीपुर बालाजी के दर्शन कराने ले जा रहे थे। एक्सप्रेस वे पर खोरपुरी पुलिया के पास गाडी चालक को नींद की झपकी आने से गाडी का संतुलन बिगड़ गया और कार पलटकर पुलिया के बीच में फंस गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। दुर्घटना में कमल और उनकी पत्नी अनुष्का की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।