
लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंचने लगी हैं। खेतों में खड़ी बाजरा, ज्वार, और तिल्ली की पकी-पकाई फसल बर्बादी के कगार पर आ चुकी है। अलवर जिले में लगातार हो रही बारिश से फसलें गलने और खराब होने लगी हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों के अनुसार, इस मौसम में सामान्य बारिश फसल के लिए लाभकारी होती है, लेकिन लगातार हो रही वर्षा ने उनके सपनों को ख़राब कर दिया है। बाजरा और ज्वार जैसी फसलें अब पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन बारिश के कारण कटाई नहीं हो पा रही है, जिससे फसलें खेतों में ही नष्ट होने लगी हैं।
किसान अब इस फसल से उम्मीदें छोड़कर अगली फसल की तैयारी में जुट गए हैं, लेकिन इस नुकसान की भरपाई कैसे होगी, यह एक बड़ी चिंता का विषय है। सरकार और कृषि विभाग से किसानों को राहत देने के उपायों की उम्मीद की जा रही है, ताकि वे इस नुकसान से उबर सकें।