खेरली नगर पालिका बोर्ड मीटिंग में आम जन के मुद्दे छाए रहे जिनमें बिजली पानी एवं सफाई व्यवस्था पर चर्चा हुई। वहीं नेता प्रतिपक्ष ने पालिका में शिकायत पंजिका एवं टोल फ्री नंबर बंद करने पर सवाल उठाए। पालिका की बैठक अंबेडकर भवन में हुई जिसमें आमंत्रित सदस्य सांसद संजना जाटव एवं विधायक रमेश खींची रहे। अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष संजय गीजगढिया ने की।
बैठक के एजेंडे में 12 बिंदुओं पर चर्चा कर प्रस्ताव लिया गया। साथ ही पत्रिका में प्रकाशित समाचार ‘ बिना पंजीयन एवं अनुमति के चल रहे कैफे’ पर चर्चा करते हुए कोचिंग, लाइब्रेरी, जिम, कैफे आदि पर कार्रवाई करने का प्रस्ताव लिया गया। इसके अतिरिक्त नेता प्रतिपक्ष राजकुमार जैन द्वारा पालिका में शिकायत पंजिका एवं टोल फ्री नंबरों को बंद किए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्हें पुन शुरू करने के लिए कहा एवम् ठेके पर लगाए गए सफाई कर्मचारीयों को टेंडर से अधिक भुगतान पर प्रश्न किए।
वहीं पार्षद प्रीति जैन ने महिला शौचालय के दरवाजे क्षतिग्रस्त होने, नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत की। वही विधायक खींची ने कस्बे में बिजली के फीडर, बिजली कटौती, कनेक्शन दिए जाने के नियमों पर सहायक अभियंता से जानकारी की।इसके अतिरिक्त मीट की दुकानों पर कार्रवाई करने, कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सभी बिंदुओं पर चर्चा कर बैठक बर्खास्त की गई।
इधर सांसद संजना जाटव ने बिना चर्चा पूरी हुई बैठक बर्खास्त का आरोप लगाते हुए नाराजगी प्रकट की। जिससे इंकार करते हुए पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सांसद ने कई दिनों से कस्बा बायपास रोड स्थित अपने कार्यालय पर स्थाई सफाई कर्मचारी नियुक्त करने की मांग की है जिसके लिए पत्र भी दिया जो कि कर्मचारियों की कमी के चलते संभव नहीं है। इसलिए सांसद ने नाराजगी प्रकट की है जबकि सफाई कर्मचारी वहां नियमित रूप से सफाई कर रहा है। बैठक पूरी चर्चा उपरांत बर्खास्त की है।