अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के नांगल टोडियार गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें उबलता पानी गिरने से दो बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना गुरुवार शाम की है, जब 5 साल की आरजू और 10 साल की मनीषा घर में चूल्हे पर मक्का पका रही थीं। इस दौरान अचानक चूल्हे पर रखा पानी का बर्तन हिल गया, और उबलता हुआ पानी छोटी बहन आरजू पर गिर गया।
मनीषा ने अपनी छोटी बहन को बचाने का प्रयास किया, जिससे वह भी झुलस गई। पिता विजेंद्र सेन ने बताया कि आरजू चूल्हे में जल रही लकड़ी को खिसकाने की कोशिश कर रही थी, तभी यह हादसा हुआ। बेटियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां ने उन्हें संभाला और तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए मालाखेड़ा के सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से दोनों बहनों को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों बहनें करीब 25 प्रतिशत तक झुलसी हैं।