
अलवर में रोड पर खुले में लगे ट्रांसफार्मर को लेकर बिजली विभाग की निष्क्रियता देखी जा सकती है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। इटाराना रोड के किनारे खुले में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। राहगीरों और यहां से गुजरने वाले साधनों के लिए यह खतरनाक साबित हो सकता है। क्योंकि इसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा नहीं है। यह स्थिति बेहद खतरनाक है, खासकर बरसात के मौसम में, जब पानी के संपर्क में आने से बिजली के झटके लगने का खतरा और भी बढ़ जाता है। बिजली विभाग की इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोग भी नाराज़ हैं। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के लिए बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने विभाग से तुरंत इस समस्या का समाधान करने की मांग की है ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।