
मानसून के सक्रिय रहने और लगातार बारिश होने के बाद पहाड़ी क्षेत्र से निकलने वाली रूपारेल बाराबियर नदी लगातार बह रही है। जहां उसके बहाव क्षेत्र में आए कई अतिक्रमण तेज बहाव के दौरान ध्वस्त हो गए। तेज पानी ने खनन माफिया के द्वारा बजरी तथा मिट्टी दोहन से किए गए गहरे गड्ढों को भी भर दिया। बाराबियर से शुरू हुई यह नदी लगातार लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के घाट खूटेटा से आगे तक बह रही है। इस स्थान से निर्भयपुरा, सारंगपुरा, चांद पहाड़ी, नावली, जाटोली,कल्याणपुरा, धोलापलाश, महुआ, बंदीपुरा, रूपवास, कैरवाड़ा, नैथला, बड़ागांव, खेरली सैयद, जातपुर से होते हुए लक्ष्मणगढ़ रामगढ़ की सीमा में पहुंच रही है। वहीं 30 किलोमीटर दूर बड़ा गांव नेथला में यह नदी लगातार बह रही है। बड़ा गांव निवासी विश्वेंद्र सिंह ने बताया इंद्रदेव की मेहरबानी से कई वर्षों बाद यह नदी लगातार बह रही है जिससे भूजल स्तर बढ़ेगा जहां किसानों के लिए यह बहुत बड़ी खुशखबरी है इस नदी के बहने से सैकड़ो गांव को लाभ होगा।