
केंद्रीय वन मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने शनिवार को केंद्रीय विद्यालय नं. 1, अलवर में आयोजित ‘नॉव योवर आर्मी’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें देशभक्ति के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान सेना के विभिन्न हथियारों और उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे स्कूली बच्चों और युवाओं ने देखा।
यादव ने भारतीय सेना की वीरता, शौर्य, पराक्रम और बलिदान की भावना को सराहा और युवाओं को सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज अलवर में देश की आन, बान और शान के प्रतीक, भारतीय सेना की वीरता और समर्पण को नमन करने का अवसर मिला है। यह मेला राष्ट्र प्रथम की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।