
अलवर के खेरली कस्बा समीप गांव समूची में मंगलवार रात करीब आठ बजे अवैध शराब की दुकान को बंद कराने गई महिलाओं के साथ अवैध शराब बेचने वालों ने एकराय होकर मारपीट कर दी। साथ ही पत्थर फेंके, जिससे एक महिला सिया पत्नी जगजीवन गंभीर घायल हो गई। उसके सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे रेफर कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस में आरोपियों की नामजद रिपोर्ट दी है।
थानाधिकारी महावीर प्रसाद के अनुसार समूची में आबकारी विभाग से लाइसेंस प्राप्त शराब की कोई दुकान नहीं है। गांव के ही सुनील, बीपी एवं गजेंद्र अवैध शराब लाकर दुकान खोलकर अवैध रूप से शराब बेचते हैं। गांव की ही महिला सरोज पत्नी कैलाश ने बताया कि शराबी शराब पीकर मोहल्ले में उत्पात मचाते हैं।
जिससे मोहल्ले की सभी महिलाएं परेशान हैं। यहां तक की शराब के कारण महिलाओं के पतियों के देहांत हो जाने के कारण इस समय 32 विधवाएं हैं। अब उनके पुत्र भी शराब के आदी होने लगे हैं। ऐसे में मोहल्ले की महिलाओं ने देर शाम लगभग 8 बजे दुकान को बंद कराने पहुंची तो बीपी, सुनील, गजेंद्र, राजेंद्र, चैंटा, रमेश आदि ने डंडा, लाठी, फरसा, पत्थर आदि से मारपीट की, जिसमें सिया पत्नी जगजीवन को पत्थर लगने से सिर फट गया।
इधर मोहल्ले की बड़ी संया में महिलाएं एवं पुरुष अस्पताल में इकट्ठे हो गए, जहां सूचना पर पहुंचे थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने समझाइश की एवं रिपोर्ट लेकर कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। महिलाओं ने दुकान से बरामद अवैध शराब के 32 पव्वे भी पुलिस को दिए है।
यह भी देखें:
ढिगावड़ा: स्टेशन मास्टर के साथ मारपीट का वीडियो वायरल