
पौने पांच घंटे धूप और बारिश में चला प्रदर्शन
भिवाड़ी. आभूषण कारोबारी जय ङ्क्षसह सोनी की हत्या और लूट के मामले को लेकर शनिवार को व्यापारियों ने धरना -प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने विधायक बालकनाथ योगी से बढ़ते अपराध को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आपने चुनाव से पहले वादा किया था कि साइकिल तक चोरी नहीं होगी, यहां व्यापारियों की जान जा रही है। इस पर विधायक ने कहा कि आप थोड़ा समय दीजिए, बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
व्यापार मंडल, सदर बाजार, सेंट्रल मार्केट, भिवाड़ी मोड़, समतल चौक, आरएचबी सेक्टर, नीलम चौक के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सुबह दस बजे से स्थानीय लोग रेवाड़ी- पलवल हाईवे स्थित समतल चौक पर धरने प्रदर्शन पर बैठ गए। धरना दोपहर को पौने तीन बजे तक चला। इस बीच कई बार पुलिस अधिकारी और जन प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और समझाइश की लेकिन हत्या के विरोध में व्यापारी, लोग आक्रोशित दिखे। कई बार पुलिस अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों को धरना स्थल से लौटना पड़ा।
मृतक जय ङ्क्षसह सोनी का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम चल रहा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्रित हो गए। पोस्टमार्टम के बाद सुबह दस बजे परिजन शव को लेकर रेवाड़ी चले गए। इधर हत्या और लूट की वारदात से आक्रोशित व्यापारी एवं लोग समतल चौक पर ही धरनेे पर बैठ गए। तेज धूप और बारिश भी प्रदर्शनकारियों को हिला नहीं सकी। जैसे ही धरना शुरू हुआ एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी समझाइश के लिए पहुंची लेकिन व्यापारी नहीं माने। इसके बाद एएसपी अतुल साहू, डीएसपी मुकेश चौधरी ने समझाइश की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। इसी दौरान आईजी अनिल कुमार टांक भी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों से हत्यारों को पकडऩे के लिए समय मांगा, व्यापारियों ने बदमाशों को पकडऩे के लिए एक निश्चित समय का अल्टीमेटम मांगा। इसकी वजह से आईजी से भी सहमति नहीं बनी। इसी दौरान कांग्रेसी नेता भी धरना स्थल पर पहुंचने लगे। पूर्व विधायक संदीप यादव एवं तिजारा से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान धरना स्थल पर पहुंच गए। धरने पर लोग भी आ गए।