Ambikapur News: स्वच्छता में देश का नाम रौशन करने वाला अंबिकापुर शहर आज गड्ढों के कारण बदनाम हो रहा है। कभी “क्लीन सिटी ऑफ इंडिया” के नाम से प्रसिद्ध यह शहर अब “गड्ढों का शहर” कहलाने लगा है। कुछ स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सांसद चिंतामणि महाराज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अभद्र टिप्पणी तक की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि “जब तक सड़कों की मरम्मत नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”
विरोध के दौरान एक अनोखा प्रदर्शन भी देखने को मिला। आम आदमी पार्टी और समाजसेवी संगठनों के कार्यकर्ता गड्ढों में उतरकर बैठ गए और लोटने लगे। उनका कहना था कि “अब सड़कें इतनी खराब हो चुकी हैं कि इन्हें पहचानने के लिए शायद यह तरीका ही सही है।
आम आदमी पार्टी के नेता राजेंद्र बहादुर ने शंकर घाट (छठ घाट) के समीप बने बड़े गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व नजदीक है, और हजारों श्रद्धालु इन्हीं रास्तों से होकर घाट तक पहुंचते हैं। ऐसे में यह सड़के श्रद्धालुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छठ पर्व से पहले घाट तक जाने वाले मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।