
Rajhara-Antagarh train accident दल्लीराजहरा से अंतागढ़ जाने वाली यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। यह हादसा 26 जुलाई की तड़के 4 बजे हुआ। इस घटना में ट्रेन चालक को हल्की चोटें पहुंची। भिलाई बीएमवाई से बड़ी क्रेन मंगा कर ट्रेन को हटाकर रूट बहाल किया गया। शुक्रवार की सुबह लगभग 4 बजे भानुप्रतापपुर से कुछ दूरी पर मुल्ला कैंप के सामने विशालकाय बरगद पेड़ पटरी पर गिर गया था। जिससे पैसेंजर ट्रेन टकरा गई और यह हादसा हो गया। इन दिनों क्षेत्र में सप्ताहभर से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण आवागमन पर बुरा असर पड़ा है। ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त होने के साथ चालक पीआर टंडन घायल भी हो गए। उनका प्राथमिक उपचार किया गया है। ट्रेन में आरपीएफ के कुछ जवान भी मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों का मौके पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। पटरी पर पेड़ देखने के बाद चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इसके बाद भी ट्रेन पेड़ से टकरा गई। ट्रेन का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ ही रेलवे की इलेक्ट्रिक लाइन के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मार्ग को ट्रेन चलाने के लिए बहाल किया गया। रावघाट-दल्लीराजहरा सेक्शन पर पहली बार ट्रेन पटरी से उतरी है।