बलरामपुर. बलरामपुर में बजाज चीनी मिल पर गन्ना किसानों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित किसानों में मिल के तौल केन्द्र पर पहुंचकर तौल बंद करा दी और मिल का संचालन ठप कर दिया। जिला प्रशासन व मिल प्रबंधन के खिलाफ मिली भगत का आरोप लगाते हुए पीड़ित गन्ना किसानों ने जिला व मिल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चीनी मिल पर किसानों का हंगामा करीब चार घंटे तक चलता रहा। प्रदर्शन के दौरान पीड़ित गन्ना किसानों ने मिल के अंदर एक भी गन्ना लदे वाहन नहीं जाने दिये।
जिले की बजाज हिन्दुस्तान शुगर लिमिटेड मिल के करीब एक दर्जन क्रय केन्द्रों पर घटतौली का आरोप लगा है जिसको लेकर किसानों ने पूर्व में क्रय केन्द्रों पर तौल बंद कराकर हंगामा भी किया लेकिन बजाज चीनी मिल का रवैया गन्ना किसानों के प्रति नहीं बदल रहा है। किसानों का आरोप है लगातार विरोध के बाद भी चीनी मिल घटतौली बंद नहीं कर रही है सिर्फ इतना ही नहीं चीनी मिल ने गन्ना किसानों के पिछले पेराई सत्र का बकाया भुगतान 7 करोड़ 78 लाख रूपये अभी तक भुगतान नहीं किया। जिसको लेकर प्रदर्शनकारी किसान मिल पर भुगतान की मांग को लेकर अड़े रहे। गन्ना मूल्य का भुगतान ना हो पाने के कारण किसान एक ओर भुखमरी के कगार पर पहुंच गये है वही दूसरी ओर भुगतान ना मिल पाने के कारण कई किसानों के बेटे बेटियों की शादियां भी फीकी पड़ने की उम्मीद है।