
बस्सी @ पत्रिका. जयपुर ग्रामीण इलाके में शुक्रवार को भी दिनभर कहीं पर मध्यमगति की तो कहीं पर सावन की झड़ी लगी रही। आकाश में बार – बार काले बादलों की घटाएं छा रही थी, किसी बादल से बरसात बरस रही थी तो किसी को हवा उड़ा ले जा रही थी। इधर बरसात से मौसम खुशनुमा हो गया। गर्मी का भी असर कम पड़ गया।
इधर जयपुर ग्रामीण इलाके में चाकसू मुख्यालय पर गुरुवार रात को जमकर बरसात हुई। यहां पर गुरुवार शाम 5 से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 73 एमएम यानि तीन इंच बरसात हो गई तो कोटखावदा भी 43 एमएम यानि पौने दो इंच बरसात हो गई। वहीं बस्सी में भी रात को 12 एमएम बरसात हो गई।
इसी प्रकार कालवाड़ में 140 एमएम, माधोराजपुरा में 80 एमएम बरसात हुई।
बरसात ने कर दिया सड़कों को जख्मी…
जयपुर ग्रामीण इलो में तीन दिन से जारी बरसात से अधिकांश डामरीकरण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस्सी चक गुढ़ा रोड पर कटाव लगने से छोटी पुलिया एवं सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कई गांवों के लोगों का सम्पर्क टूट गया है। यहां तक जयपुर – आगरा रोड पर भी जगह – जगह गड्ढे हो गए हैं।
स्कूल जाने वाले व मजदूरों को हुई परेशानी…
जयपुर ग्रामीण इलाके में शुक्रवार सुबह हुई बरसात के कारण स्कूल जाने वाले बालकों को भी बरसात के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बालक तो स्कूल गए ही नहीं।