2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस्ती

छावनी शहीद स्थल जहां पांच सौ भारतीयों को फांसी पर लटका दिया गया, आज भी है वो पेड़

छावनी शहीद स्थल की कहानी इतिहास के पन्नों में आज भी दर्ज है...

Google source verification

बस्ती

image

Jyoti Mini

Jan 25, 2018

बस्ती. प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में दूरदराज के इलाको में जमीनी स्तर के बहुत से जनसंघर्षों को इतिहासकारो ने नजरंदाज किया है । इसी नाते बहुत से क्रांति नायकों और नायिकाओं की वीरता की कहानियां अभी भी अपेक्षित महत्व नहीं पा सकी हैं। ऐसी ही एक महान सेनानी बस्ती जिले की अमोढ़ा रियासत की रानी तलाश कुवंरि थीं, जिन्होने अंग्रेजों से आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने अपने इलाको में लोगों में अंग्रेजों के खिलाफ ऐसी मुहिम चलाई थी कि, रानी की शहादत के बाद कई महीने जंग जारी रही। सेनापति अवधूत सिंह भी काफी बहादुर थे। उन्होंने रानी की शहादत के बाद हजारों क्रांतिकरिओं को एकत्र कर 6 मार्च 1858 को अमोढ़ा तथा बाद में अन्य स्थानों पर युद्द किया।


वह अपने साथियों के साथ बेगम हजरत महल को नेपाल तक सुरक्षित पहुंचाने भी गए थे। लेकिन लौटने पर अंग्रेजों के हाथ पड़ गए और छावनी मे पीपल के पेड़ पर उनको फांसी दे दी गई। उनके वंशजों में राम सिंह ग्राम बभनगांवा में आज भी रहते हैं। बागियों की रामगढ़ की गुप्त बैठक में शामिल सभी लोग जल्दी ही पकड़े गए और इन सबको बिना मुकदमा चलाए फांसी पर लटका दिया गया। जो भी नौजवान अंग्रेजों की पकड़ में आ जाता उसे छावनी में पीपल के पेड़ पर रस्सी बांध कर लटका दिया जाता था। इसी पीपल के पेड़ के पास एक आम के पेड़ पर भी अंग्रेजों ने जाने कितने लोगों को फांसी दी। इस पेड़ की मौजूदगी 1950 तक थी और इसका नाम ही फंसियहवा आम पड़ गया था। पीपल का पेड़ तो खैर अभी भी है पर आखिरी सांस ले रहा है। इस स्थल पर करीब 500 लोगों को फांसी दी गई।

अंग्रेजों ने प्रतिशोध की भावना से गांव के गांव को आग लगवा दी।1858 से 1972 तक छावनी शहीद स्थल उपेक्षित पड़ा था। 1972 में शिक्षा विभाग के अधिकारी जंग बहादुर सिह ने अध्यापकों के प्रयास से एक शिलालेख लगवाया और कई गांव के लोगों से इतिहास संकलन का प्रयास किया। इसी के बाद कई शहीदों के नाम प्रकाश में आए जिनको शिलालेख पर अंकित किया गया। पर इस स्मारक की दशा बहुत खराब है। बस 30 जनवरी को शहीद दिवस पर यहां एक छोटा मेला लग जाता है,दूसरी ओर अमोढ़ा किला तथा राजमहल भी भारी उपेक्षा का शिकार है।

Input- सतीश श्रीवास्तव