
MLA Dipesh Sahu Wedding: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने अपनी शादी को यादगार बनाते हुए सादगी और सामाजिक संदेश की अनूठी मिसाल पेश की है। विधायक दीपेश साहू आज तरुणा साहू के साथ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे लेने जा रहे हैं।
शादी से पहले उनकी बारात बैलगाड़ी में निकली, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि बाराती के रूप में शामिल हुए। पूरे आयोजन में घराती और बाराती उत्साह और उमंग के साथ नजर आए। इस सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दरअसल, यह छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास का एक अनूठा अवसर माना जा रहा है। पहली बार कोई वर्तमान विधायक वीआईपी कल्चर और भव्य खर्चों से दूर रहकर सरकारी योजना के मंच पर सामूहिक विवाह के जरिए शादी कर रहा है। दीपेश साहू का यह कदम सादगी, सामाजिक समानता और सरकारी योजनाओं के प्रति जनविश्वास को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
विधायक के इस फैसले की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी खुलकर सराहना की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि, “जब कोई जनप्रतिनिधि अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन को चुनता है, तो वह केवल विवाह नहीं करता, बल्कि समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक दीपेश साहू का यह निर्णय समाज में सादगी, समानता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला कदम है, जिससे युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।