Fire Incident: बिलासपुर के सबसे व्यस्त बाजार गोलबाजार में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने एक के बाद एक चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना रात करीब 11.30 बजे की है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में ड्रायफ्रूट्स, हैंडलूम और साड़ी की दुकानें धू-धूकर जलने लगीं। धुएं का गुबार उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
देर रात तक दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। बीच बाजार भीड़ के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कत आई। कोतवाली पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया और टीम को ऑपरेशन पूरा करने में मदद दी। फिलहाल आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। नुकसान का सही आंकलन प्रशासन कर रहा है।