
बूंदी/केशवरायपाटन/हिण्डोली.
राजस्थान गौरव यात्रा सोमवार को बूंदी जिले में रही। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने हैलीकॉप्टर से केशवरायपाटन, बूंदी और हिण्डोली पहुंचकर सभाएं की। बूंदी जिले में राजे का रथ नहीं, हेलीकॉप्टर घूमा। राजे ने कहा कि ‘मैं ऐसी एक मुख्यमंत्री हूं, जो मंच पर खड़ी होकर हिसाब दे रही हूं। वे सुबह केशवरायपाटन पहुंची और कृषि उपज मंडी परिसर में सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे हैलीकॉप्टर से बूंदी आईं और हायर सैकण्डरी स्कूल मैदान में सभा की। शाम को हिण्डोली के गणेश बावड़ी स्टेडियम में सभा हुई। सभा के साथ यात्रा का हाड़ौती में समापन हुआ।
गर्व है राजस्थान के अध्यापकों पर जिन्होंने शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाया
राजे ने बूंदी में कहा कि गर्व है राजस्थान के अध्यापकों पर जिन्होंने शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाया। प्रदेश को देश में शिक्षा के क्षेत्र में 26वें स्थान से दूसरे स्थान पर ले आए। हमारे शिक्षक इसी प्रकार मेहनत करेंगे और नम्बर वन होंगे। राजे ने कहा कि प्रदेश में 85 हजार शिक्षकों की भर्ती की गई। अब मात्र दो फीसदी शिक्षकों के पद रिक्त रहे हैं। युवाओं के लिए हर जिले में रोजगार मेले लगाए गए, जिनमें प्रदेश के साढ़े पन्द्रह लाख युवाओं को उद्योगों में नौकरियां मिली। साढ़े तीन लाख को और मिलने वाली हैं। इसलिए सरकार ने युवाओं को नौकरी दिलाने का वादा भी पूरा कर दिया है। उन्होंने बूंदी की धरती को प्रणाम के साथ भाषण की शुरुआत की और जय-जय राजस्थान के साथ समापन किया।