देई. कृषि उपज मंडी देई में सोमवार को नए उड़द की आवक हुई। नए उड़द की जिंस लेकर पहुंचे किसान नाखुश नजर आए। मंडी में नए उड़द के चार ढेर बिकने आए, जिनका भाव 8501 से 8701 रुपए प्रति क्विंटल के भाव रहा। खानिका गांव के किसान प्रताप बंजारा, दीवान बंजारा, बनवारी, धर्मराज बंजारा उड़द की उपज बेचने पहुंचे। किसानों ने बताया कि इस बार उपज से फसल का खर्चो भी नहीं निकला है। इस फसल की अगेती बुवाई करने से यह फसल हुई है। बाद वाली बुवाई करने वाले किसानों में कई ने तो खेतों में ही हकाई कर फसल को नष्ट कर दिया है। मंडी मुनीम महेश चतुर्वेदी, विकास मितल ने बताया कि इस बार किसानों को उपज के रुपए मिलने के बाद भी किसान उपज से नाखुश दिखाई दिए। इस वर्ष बरसात नहीं होने से किसानो की यह फसल खराब हो गई। कई किसानों ने तो खेतों में खडी फसल को ही हकाई कर नष्ट कर दिया है।