
नैनवां. दहेलवाल जी की सामूहिक पूजा अर्चना के साथ बुधवार को नैनवां में एक पखवाड़े तक चलने वाले दहेलवालजी पशु व व्यापारिक मेले का उद्घाटन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शोकीनचंद राठोर ने फीता काटकर उद्घाटन की रस्म की।
सामूहिक पूजा के लिए दोपहर को मेला कार्यालय से शोभायात्रा रवाना हुई। शोभायात्रा में कच्ची घोड़ी नृत्य आकर्षण प्रमुख आकर्षण बना रहा। शोभायात्रा के थानक पर पहुंचने पर पालिकाध्यक्ष मधुकंवर, अधिशासी अधिकारी जितेन्द्रकुमार मीणा, पालिका उपाध्यक्ष देवेन्द्रसिंह,पार्षद, पार्षद रजनीश शर्मा, नरेन्द्र निर्मल, रमेश चोधरी,
सत्यनारायण सैनी, सोहनलाल वर्मा, मोहनसिंह मीणा, महावीर सिंधव, भंवरसिंह सोलंकी, भाजपा महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष आशा सैनी ने दहेलवालजी की सामूहिक पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद मन्दिर के पुजारी बद्रीलाल साहू का साफा बंधवाकर सम्मान किया। पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा वापस मेला स्थल पर पहुंची। जहां पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
विजेताओं को परुस्कार के चेक प्रदान किए
दहेलवालजी पशुमेला में नगरपालिका द्वारा घोड़ी नृत्य, घोडी व ऊंट दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। घोड़ी नृत्य में भीलवाड़ा के लाप्या गांव निवासी सांवरलाल जाट की घोड़ी प्रथम, नन्दराय के शरीफ की घोड़ी द्वितीय व सीकर के राजू की घोड़ी तृतीय रही।
घोड़ी दौड़ प्रतियोगिता में सीकर के बलवीर की घोड़ी प्रथम, छोटूलाल की घोड़ी द्वितीय व नाथड़ी के बरधालाल की घोड़ी तृतीय रही। ऊंट दौड़ में राधा गोविन्दपुरा के रमेश का ऊंट प्रथम व करीरियाके शोराज का ऊंट द्वितीय रहा।
नृत्य प्रतियोगिता प्रथम पुरुस्कार 21 सौ रूपए, द्वितीय पुरस्कार 11 सौ रूपए तथा तृतीय पुरस्कार पांच सौ रूपए तथा घोड़ी व ऊंट दौड़ में प्रथम पुरस्कार 51 सौ रूपए, द्वितीय पुरस्कार 31 सौ रूपए तथा तृतीय पुरस्कार 21 सो रूपए प्रदान किए।
पांच दिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
पालिकाध्यक्ष मधुकवंर व अधिशासी अधिकारी ने बताया कि मेला दस अक्टूबर तक चलेगा। मेला दो चरणों में भरेगा। पहले चरण में पशु मेला व दूसरे चरण में व्यापारिक मेला लगेगा। मेले के अंतिम दिनों में पांच अक्टूबर से पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पांच अक्टूबर को शिक्षण संस्थाओं का सांस्कृतिक कार्यक्रम, 6 अक्टूबर को राजस्थानी व हरियाणवी सांस्कृतिक संध्या, सात अक्अूबर को सांस्कृतिक संध्या, आठ अक्टूबर को हाडोती कवि सम्मेलन व नौ अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
स्वव्छता मैराथन दौड़ आज
स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को नैनवां में नगरपालिका द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। अधिशासी अधिकारी जितेन्द्रकुमार मीणा ने बताया कि दोड़ सुबह साढ़े सात बजे नगरपालिका कार्यालय से शुरु होकर बीएजेएम महाविद्यालय तक होगी। प्रतियोगिता में विजेताओंं को पुरस्कार भी प्रदान किए जाऐंगे।