बुरहानपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के विरोध में जिला कांग्रेस द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास संकल्प सत्याग्रह किया गया। सुबह से लेकर दोपहर तक काली पट्टी बांध बैठे नजर आए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रिंकू टांक ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। लोकतांत्रिक देश में सभी को बोलने एवं मन की बात रखने की आजादी है, लेकिन भाजपा की सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। देश में इमरजेंसी का माहौल बना हुआ है। राहुल गांधी ने भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों एवं महा घोटालों पर आवाज उठाई तो उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी गई। कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने की संसद से लेकर सड़क तक कोशिश करेंगी।
भाजपाईयों के पोस्ट पर रखेंगे नजर
अधिवक्ता विनय शाह ने कहा कि यह हमारे संस्कार नहीं है कि किसी को परेशान करें। लेकिन अब कांग्रेसियों ने संकल्प लिया है कि भाजपा के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता तक अगर सोशल मीडिया कार्टून बनाकर या वीडियो एडिट के जरिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मजाक उड़ाया जाता है तो बुरहानपुर, खंडवा से लेकर संपूर्ण मध्यप्रदेश में इस तरह के मामलों को संज्ञान में लेकर कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में केस लगाकर नि:शुल्क केस लड़ेंगे।