
छिंदवाड़ा. मतगणना स्थल पर जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया समर्थकों की भीड़ बढ़ती गई। दोपहर 12 बजे तक प्रमुख दलों के समर्थक भारी संख्या में पीजी कॉलेज खेल परिसर में एकत्रित हो गए थे। दोपहर 1 बजे तक सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। प्रशासन 16वें राउंड तक परिणाम की उद्घोषणा करता रहा। परिणाम को सुनने की व्यवस्था खेल परिसर में भी की गई थी। समर्थक वहीं बैठकर स्पीकर पर परिणाम सुन रहे थे। मतगणना के परिणाम भी काफी तेज गति से आ रहे थे, लेकिन 16वें राउंड के बाद उद्घोषणा काफी देर रूकी रही। इससे कांग्रेस समर्थक नाराज हो गए। काफी संख्या में समर्थक एसडीएम सुधीर जैन सहित पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे और नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि काफी देर हो चुकी है, लेकिन उद्घोषणा नहीं हो रही है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम ने समर्थकों को समझाया और जल्द ही उद्घोषणा कराने की बात कही। इसके बाद समर्थक शांत हुए।