
मानपुर (दौसा). राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर शनिवार को दिनदहाड़े कार सवार लोगों से 50 लाख रुपए से अधिक की नकदी लूट ले जाने की वारदात सामने आई। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाकर बदमाशों की तलाशी शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित विष्णु कुमार ने बताया कि उनका सोंख उत्तर प्रदेश में प्रोपर्टी व कंस्ट्रक्शन का काम है। जयपुर में एक प्रोपर्टी को लेकर फर्म के मुनीम बृजमोहन व चालक बलवीर सिंह को 50 लाख रुपए अधिक की नकदी लेकर कार से रवाना किया था। मानपुर चौराहे के आगे बदमाशों ने ओवरटेक कर कार को रुकवा लिया। उसके बाद दो आरोपी कार में बैठ गए और बंदूक़ दिखाकर चालक व मुनीम को कार सहित वापस भरतपुर की ओर लेकर रवाना हो गए। रास्ते में दोनों को छोड़कर लाखों रुपए की नकदी व कार लेकर फरार हो गए।
मानपुर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि लूट के मामले को गंभीरता से लेते हुए चार टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश शुरू की है। राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजे भी देखे जा रहे हैं। कार चालक व मुनीम से भी पूछताछ की जा रही है।