
हाथरस। जिले के थाना चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा में ग्रामीणों द्वारा भंडारे के लिए इकठ्ठा किया गया 62 कुंतल गेहूं को पुलिस कोतवाली ले आई है। ग्रामीणों ने गांव में स्थित राशन की दुकान से मिलने वाले अपने अपने हिस्से के इस गेहूं को इकठ्ठा किया था और अपनी इच्छा से गांव में होने वाली भागवत के बाद के भंडारे के लिए दान में दिया था।
ये है मामला
थाना चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा के ग्रामीण एकजुट होकर गांव में भागवत कथा और कथा के समापन पर भंडारा कराना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने गांव की राशन की दुकान से अपने अपने हिस्से का गेंहू लेकर भंडारे के लिए दान में दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि रात्रि को चंदपा थाने के प्रभारी ने अपनी टीम और दबंगों के साथ गांव पहुंचकर भंडारे के लिए इकठ्ठा किये गये 62 कुंतल गेंहू को आंगनबाड़ी केंद्र से निकलवा लिया और वह उसे थाने ले गयी। ग्रामीणों की मानें तो राशन डीलर की शिकायत पर पुलिस ने ऐसा किया है।