40 फीसदी कमीशन के पैसे से सरकार गिराने की कर रहे बात
-कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भाजपा पर लगाया आरोप
हुब्बल्ली. राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि राज्य में सत्ता में रहते हुए 40 फीसदी कमीशन पाने वाले भाजपा नेता अब उसी पैसे से 6 महीने में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने की बात कर रहे हैं परन्तु राज्य की कांग्रेस सरकार नहीं गिर सकती। भाजपा का यह सपना पूरा नहीं होगा। जनता के अपार आशीर्वाद से राज्य में कांग्रेस सरकार सुरक्षित है।
शहर में मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद संवाददता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा संविधान की इच्छाओं के खिलाफ काम कर रही है। यह धनबल, बाहुबल, जाति-धर्म, आपरेशन कमल के जरिए सत्ता में रही सरकार को गिराती रही है।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मतदाताओं ने देश के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश के साथ कांग्रेस को अभूतपूर्व जीत दिलाई है। भ्रष्टाचार, 40फीसदी कमीशन के पैसे की घमंड से ऑपरेशन कमल के जरिए सत्ता हासिल करने वाली भाजपा उसी पैसे से दोबारा सत्ता का सपना देख रही है। वह इस बार कर्नाटक में पूरा नहीं होगा। इस हद तक लोगों ने कांग्रेस पार्टी को आशीर्वाद दिया है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने संविधान की इच्छाओं का सम्मान नहीं किया है, वह धार्मिक मुद्दों, लोगों में नफरत का विषबीज बोने के जरिए चुनाव में उतरती रही है। उन्होंने कर्नाटक में भी यही कोशिश की, उनके भ्रष्टाचार और 40 फीसदी कमीशन से तंग आ चुकी जनता ने उन्हें उचित सबक सिखाने के बावजूद उन्हें अब भी समझ नहीं आई है। भाजपा देश को धर्म के आधार पर बांटने का काम कर रही है। कर्नाटक की जनता ने सर्वधर्म सद्भाव, सर्वजन विकास की विचारधारा और कांग्रेस की विचारधारा को स्वीकार कर कांग्रेस को सत्ता सौंपी है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में कोई कमीशनखोरी नहीं हुई है परन्तु मध्य प्रदेश सरकार में 50 फीसदी कमीशन है।
मणिपुर की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री को घटना की सीधी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। कुकी और नागा मणिपुर के आदिवासी हैं। मेथेई और आदिवासियों के बीच आरक्षण विवाद हिंसा का कारण कहा जा रहा है, परन्तु मणिपुर सरकार की ओर से प्रायोजित ड्रग कारोबार ही हिंसा का मूल कारण है।
उदिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि आरएसएस, संघ परिवार मणिपुर सहित कई राज्यों में ईसाई धर्म अपनाने वाले आदिवासियों को आरक्षण से बाहर करने के लिए अभियान चला रहे हैं। अब कश्मीर में भी गुर्जर मुस्लिम आदिवासियों के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता कमलनाथ के भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कमलनाथ के बयान का गलत मतलब निकाला गया है। हिंदू धर्म और हिंदुत्व सावरकर ने गढ़ा था उन्होंने ही कहा था कि हिंदू धर्म का सनातन धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस का मिशन है कि सनातन धर्म समेत सभी धर्मों को समान रूप से जीने का अधिकार है। हम नरम हिंदुत्व के पक्ष में नहीं हैं। हम सनातन समेत सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करना असंवैधानिक है। नेपाल में यद्यपि 95फीसदी लोग हिंदू हैं, फिर भी उन्होंने इसे हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया है। नेपाल में सनातन धर्म के सर्वधर्म सद्भाव को अपनाते हुए लोकतंत्र राष्ट्र घोषित किया। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, सिख और जैन समेत सभी धमों के लोगों ने भाग लिया था।
संवाददाता सम्मेलन में विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर, पूर्व मंत्री एएम हिंडसगेरी, कांग्रेस नेता अल्ताफ हुसैन हल्लूर, अनिल कुमार पाटील, एमएस अक्की, मेहबूब बाशा, शाहरुख मुल्ला समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।