कोटपूतली-बहरोड़. कोटपूतली-अलवर स्टेट हाईवे पर ग्राम चतुर्भुज के पास साबी नदी पर स्थित पुलिया अपनी जर्जर हालत के कारण हादसों का केंद्र बनती जा रही है। पुलिया की साइड रेलिंग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है। रात के समय यहां हादसे की आशंका अधिक रहती है।
30 फीट नीचे गिरा मोटरसाइकिल सवार
हाल ही में 2 दिन पूर्व एक हादसे में मोटरसाइकिल सवार क्षतिग्रस्त रेलिंग के कारण अपना संतुलन खो बैठा और 30 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह कोई पहला मामला नहीं है। पुलिया की खस्ता हालत के चलते यहां लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन जिम्मेदार प्रशासन अब भी आंखें मूंदे बैठा है।
लोगों का कहना है कि इस पुलिया की खस्ता हालत न केवल वाहन चालकों बल्कि पैदल यात्रियों के लिए भी खतरा बनी हुई है। इस अति व्यस्त सडक़ पर हजारों की संख्या में वाहनों की प्रतिदिन आवाजाही रहती है। ऐसे में कभी कोई गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरती है तो कभी कोई मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होती है। विगत दिनों लगातार हुए हादसों में जनहानि भी हुई है।
बढ़ता जा रहा लोगों में आक्रोश
आए दिन बढ़ते हादसों के बावजूद प्रशासन की अनदेखी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत करवाने और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यहां और बड़े हादसों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आखिरकार प्रशासन इसे ठीक क्यों नहीं करा रहा है? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।