जयपुर ।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश बुधवार दोपहर जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक अस्थि कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान जगह-जगह पुष्पांजलि अर्पित की गई। अस्थि कलश गुरुवार सुबह विसर्जन के लिए रवाना किए जाएंगे। सामाजिक न्याय-अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी विशेष विमान से कलश लेकर दिल्ली से जयपुर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, अशोक परनामी समेत अन्य नेता मौजूद थे।
सीएम राजे, सैनी व माथुर कलश हाथ में लेकर बाहर निकले और रथ में सवार हुए। वहां सभी ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस बीच कार्यकर्ता अटल बिहारी के सम्मान में नारे लगाते रहे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता पहुंचे लेकिन यात्रा ज्यों-ज्यों आगे बढ़ी, विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की कमी खलती गई। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक 10 जगह आधिकारिक तौर पर पुष्पांजलि की व्यवस्था की गई लेकिन ज्यादातर स्थानों पर कार्यकर्ता कम ही नजर आए। जवाहर सर्कल के बाद एसएल कट से टोंक रोड की ओर जाने वाले तिराहे पर भी कार्यकर्ता कम ही पहुंचे। नेता-कार्यकर्ता पैदल चलने की बजाय गाडिय़ों में बैठे रहे।
एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय पहुंचने में करीब 3 घंटे का समय लगने की चर्चा थी लेकिन दोपहर 2 बजे रवाना हुई यात्रा 1.30 घंटे में भाजपा कार्यालय पहुंच गई। लक्ष्मीमंदिर के बाद तो यात्रा को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने में 5-7 मिनट ही लगे। प्रदेश कार्यालय में भी चर्चा रही कि पूरे रास्ते में कार्यकर्ता नजर नहीं आए। दोपहर करीब 3.30 बजे अस्थि कलश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
BJP के ये नेता जाएंगे विसर्जन के लिए, राजे भी रहेंगी मौजूद
विसर्जन के लिए अस्थि कलश गुरुवार सुबह 9 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से कोटा, बेणेश्वर धाम और पुष्कर के लिए रवाना होंगे। रास्ते में जगह-जगह पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। वाजपेयी जी की अस्थि कलश विसर्जन करने के लिए भाजपा के अलग-अलग मंत्रियों को दी जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि अरुण चतुर्वेदी कलश लेकर पुष्कर सरोवर जाएंगे और विसर्जन के समय उनके साथ मुख्यमंत्री राजे भी रहेंगी। वहीं कोटा, बेणेश्वर धाम के लिए गुलाब कटारिया, किरण माहेश्वरी, सांसद ओम बिड़ला और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया रवाना होंगे।