
जयपुर. प्रदेश में इस बार मानसून जमकर मेहरबान हो रहा है। जयपुर समेत कई जिलों में मेघ झमाझम बरस रहे हैं। पिछले 24 घंटे में अजमेर में मूसलाधार बारिश से जलजमाव होने पर जनजीवन मानों ठहर गया। भीलवाड़ा और जालोर जिले में भी भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग ने जयपुर समेत तीन संभागों में आज भारी बारिश की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहने और कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश का दौर होने की आशंका जताई है।
राजधानी जयपुर में देर रात से छाई घनघोर घटाएं सुबह बरस पड़ी। शहर के कई इलाकों में सुबह मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रहा। अजमेर रोड, टोंक रोड, न्यू सांगानेर रोड, मुहाना क्षेत्र में मेघ जमकर बरसे। जलजमाव होने पर शहर में वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले 24 घंटे में शहर में एक इंच बारिश हुई। वहीं जिले के आंधी क्षेत्र में 60, सांगानेर 58, जमवारामगढ़ में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जयपुर जिला कलक्टर जितेन्द्र कुमार सोनी ने जल भराव प्रभावित इलाकों का दौरा किया। जवाहर नगर कच्ची बस्ती टीला नंबर 1,2,5,6,7, मोती डूंगरी रोड, परकोटा इलाका सहित अन्य कई इलाकों का निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने प्रभावित लोगों से संवाद किया। साथ ही अधिकारियों को जल भराव प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
कई बांध ओवरफ्लो
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश से बांधों में पानी की बंपर आवक हुई। पानी की आवक तेज होने पर बांध छलक पड़े। भीलवाड़ा में बागोर की कोठारी नदी उफान पर आ गई। कोठारी पुलिया पर एक फीट चादर चलने पर ग्रामीण नजारा देखने के लिए उमड़े। भरतपुर जिले के बंध बरैठा बांध में पानी की आवक तेज होने पर बांध के तीन गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध में भी पानी की आवक तेज हो गई। भीलवाड़ा, चित्तौड़ और अजमेर जिले से होकर त्रिवेणी में पानी का बहाव बढक़र 4.30 मीटर पर आ गया जिसके चलते बीसलपुर बांध के चार गेट खोलकर पानी की निकासी बढ़ानी पड़ी है। प्रदेश के 17 जिलों में पिछले 24 घंटे में मूसलाधार बारिश का दौर रहा।