कोटपूतली-बहरोड़. अपराध नियंत्रण एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर लगाम कसने के लिए जिला पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यह अभियान 47 स्थानों पर एक साथ चलाया गया जिसमें 20 टीमों ने हिस्सा लिया।
इस अभियान के तहत एनडीपीएस, आबकारी एक्ट, हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती सहित जघन्य अपराधों में लिप्त बदमाशों और पिछले पांच वर्षों में अवैध हथियार रखने वाले चालानशुदा अपराधियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज अजय पाल लांबा के निर्देशानुसार जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना शालिनी राज के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई की। विशेष अभियान के दौरान कुल 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और एक वाहन को 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।