
– तापमान में बढ़ोतरी से आज गुलाबी नगर में ठिठुरन कम
जयपुर। राजधानी जयपुर में आज बादलवाही के चलते तापमान में बढ़ोतरी हुई। तापमान चढ़ने से सर्दी के तेवर नरम नजर आ रहे हैं। आज राजधानी जयपुर में सुबह का तापमान 13 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया गया। तापमान बढ़ने से लोगों ने गुलाबी नगर में पड़ रही तेज सर्दी से राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, बादलों की वजह से पारे में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है। बादलों के हटने के बाद आगामी दिनों में एक बार फिर से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होगा।
जानकारी के अनुसार, गुलाबी नगर जयपुर में आज सुबह हल्की धुंध दिखी। तापमान चढ़ने से लोगों ने तीखी सर्दी से राहत की सांस ली। वहीं प्रदेश में कई शहरों में दिन के तापमान में एक दो दिनों में उछाल नजर आया है। अब मौसम फिर पलटने वाला है। आज कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज बीकानेर, हनुमानगढ और गंगानगर में बारिश होने की चेतावनी जारी की है। साथ ही इन तीनों जिलों में घना कोहरा छाए रहने का भी अलर्ट जारी किया है।
विक्षोभ समाप्त होने के बाद फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पिछले दो पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद प्रदेश का मौसम शुष्क हुआ था। इससे सर्दी का प्रकोप एक बार फिर से बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य में मौसम शुष्क रहा।
कोहरे का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आगामी 24 घंटे ऐसा ही मौसम बना रहेगा और इस दौरान कई जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही, पाली, जोधपुर, नागौर, चूरू, सीकर, झुंझुनू, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, जालोर शामिल है।