कोटपूतली-बहरोड़. नीमराणा के नेशनल हाईवे 48 पर मोहलडिय़ा पूल पार करते ही रात करीब 10 बजे एक सडक़ दुर्घटना में यात्रियों से भरी लोक परिवहन की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लाइन पर आ रहे ट्रक से टकरा गई। राहगीरों के अनुसार घटना उस समय हुई जब बस चालक ने मोहलडिय़ा पुल से उतरते समय सडक़ पर अचानक आए एक सांड को बचाने का प्रयास किया, जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन पर जा रहे ट्रक से टकराकर पलट गई ।
दो दर्जन से अधिक घायल, ट्रक ड्राइवर की मौत
यात्रियों में चीख पुकार मच गई और दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं ट्रक ड्राइवर ने दुर्घटना में दम तोड़ दिया। घायलों को पुलिस और स्थानीय निवासियों, राहगीरों की मदद से एंबुलेंस द्वारा नीमराणा के सचखंड अस्पताल, सोनी देवी अस्पताल और बहरोड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं तीन चार यात्रियों की स्थिति गंभीर हैं जिनका इलाज चल रहा है।
कई किलोमीटर लंबा जाम
दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक के कारण नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस ने क्रेन की सहायता से वाहनों को हटाकर खुलवाया।