कोटपूतली-बहरोड़. जिले में चलाए जा रहे अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत बहरोड़ थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और दो मैग्जीन बरामद किए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज अजयपाल लाम्बा के निर्देशानुसार जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यन्त के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराणा शालिनी राज और डीएसपी बहरोड़ कृतिका यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी महेश तिवाड़ी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंज़ाम देते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
ये है मामला
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उपवन सोसायटी बहरोड़ के फ्लैट नंबर टी 12/202 पर एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मौजूद है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने फ्लैट पर दबिश दी और आरोपी अजीत कुमार उर्फ दाना पुत्र वीरेंद्र सिंह (31 वर्ष) निवासी जखराना थाना बहरोड़ सदर को दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी ने बाथरूम की छत में छिपाकर रखे गए एक प्लास्टिक बैग से एक पिस्टल और दो मैग्जीन निकाले। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई लाइसेंस नहीं था जिसके चलते पुलिस ने हथियार और मैग्जीन जब्त कर आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।