
जैसलमेर शहर के सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में शामिल गड़ीसर सरोवर के प्रवेश मार्ग पर लगाए गए पत्थर के पिलर्स ने सिर्फ वाहनों की आवाजाही नहीं रोकी, बल्कि शहरी प्रबंधन, पर्यटन नियंत्रण और आपातकालीन पहुंच को लेकर नई बहस भी शुरू कर दी है। नगरपरिषद ने करीब दस पत्थर के पिलर्स लगाकर चारपहिया और तिपहिया वाहनों की एंट्री सीमित करने की कवायद शुरू की है। मकसद पर्यटन सीजन में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और अवांछनीय गतिविधियों पर नियंत्रण रखना बताया जा रहा है। पिलर्स के बीच इतना ही स्थान छोड़ा गया है कि पैदल यात्री और मुश्किल से दुपहिया वाहन निकल सकें। जैसे ही यह व्यवस्था लागू हुई, गड़ीसर क्षेत्र में रहने वाले परिवारों और आसपास की बगेचियों से जुड़े लोगों ने सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को लेकर चिंता जतानी शुरू कर दी।